Search
Close this search box.

वाराणसी में सावन के पहले सोमवार पर ‘बोल बम’ की गूंज, कर्दमेश्वर महादेव मंदिर में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

वाराणसी: श्रावण मास के पहले सोमवार को काशी नगरी शिवभक्ति में पूरी तरह लीन नजर आई। तड़के सुबह से ही ‘बोल बम’, ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से संपूर्ण वाराणसी गुंजायमान हो उठा। गंगा घाटों से लेकर गलियों तक, मंदिरों से लेकर नगर के हर कोने तक शिवभक्तों की टोलियां पूजा-अर्चना के लिए उमड़ पड़ीं।

कंदवा स्थित कर्दमेश्वर महादेव मंदिर में सुबह मंगला आरती के साथ भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालु कतारबद्ध होकर बाबा को गंगाजल अर्पित कर रहे थे। मंदिर प्रांगण ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष से गूंज रहा था। यहां श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जलाभिषेक कर रुद्राभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना की।

सावन मास में काशी नगरी की खास रौनक देखने लायक होती है। शहर के तमाम शिवालयों में दिनभर भजन-कीर्तन, रुद्राभिषेक, भक्ति यज्ञ और धार्मिक अनुष्ठान होते रहे। सुरक्षा और सुविधा के लिए पुलिस एवं प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा।

काशीवासियों के साथ-साथ दूर-दराज से आए कांवड़ियों ने भी गंगा जल लेकर शिवालयों में आस्था के साथ जलाभिषेक किया। सावन के पहले सोमवार को लेकर श्रद्धालुओं में खास उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली।

Leave a Comment

और पढ़ें