वाराणसी: श्रावण मास (सावन) के पहले सोमवार की पावन बेला में श्री काशी विश्वनाथ धाम में भगवान शिव की मंगला आरती के साथ श्रद्धा और भक्ति का आरंभ हुआ। प्रातः कालीन आरती के बाद मैदागिन और गोदौलिया की ओर से पंक्तिबद्ध होकर आ रहे श्रद्धालुओं का स्वागत पुष्प वर्षा के साथ किया गया।
इस भव्य पुष्प वर्षा कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल, जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार, काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण, विशेष कार्याधिकारी पवन प्रकाश पाठक, नायब तहसीलदार मिनी एल. शेखर सहित कई वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।
श्रावण मास में देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। धाम क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में पेयजल काउंटर, चिकित्सा हेल्प डेस्क, खोया-पाया केंद्र सहित सुरक्षा और सुविधा की सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से श्रद्धालुओं को सुगम और व्यवस्थित दर्शन का अनुभव देने हेतु सभी आवश्यक तैयारियों को अमल में लाया गया है। प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट द्वारा श्रद्धालुओं की सेवा और सुविधा के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।









