मीरजापुर: डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन मीरजापुर के सभी सदस्यों को सूचित किया गया है कि संघ की आमसभा की पिछली बैठक में लिये गए निर्णय के अनुसार 23 दिसम्बर 2025 से पूर्व चुनाव कराए जाने हेतु 05 नवम्बर 2025 को उत्तर प्रदेश बार काउंसिल को पत्र प्रेषित किया गया था।

इस संदर्भ में बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश ने पत्रांक 4737 दिनांक 30 नवम्बर 2025 के माध्यम से अवगत कराया है कि बार काउंसिल ऑफ इंडिया के पत्र (संख्या BCI/D-7583/2025 दिनांक 26.10.2025) के अनुसार 15 नवम्बर 2025 से 15 फरवरी 2026 के मध्य किसी भी बार एसोसिएशन का चुनाव नहीं कराया जाना है।

बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश ने उल्लेख किया है कि यह निर्देश 27 अक्टूबर 2025 तथा 01 नवम्बर 2025 को सभी बार संघों को अवलोकन एवं अनुपालन हेतु भेजा जा चुका है। साथ ही यह भी कहा गया है कि निर्धारित अवधि में चुनाव कराने का प्रयास दिशा–निर्देशों का उल्लंघन माना जाएगा, जिसकी स्थिति में संबंधित प्रकरण बार काउंसिल ऑफ इंडिया को संदर्भित किया जा सकता है।
उक्त निर्देशों के अनुपालन में डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन मीरजापुर ने चुनाव से जुड़ी सभी कार्यवाहियाँ एवं बैठकें 15 फरवरी 2026 तक स्थगित करने की घोषणा की है। संघ ने सदस्यों से यह भी कहा है कि यदि किसी सदस्य को इस निर्णय के संबंध में कोई आपत्ति हो तो वह 15 दिनों के भीतर अपनी लिखित आपत्ति संघ कार्यालय में प्रस्तुत कर सकता है, जिससे उक्त आपत्ति को बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश एवं बार काउंसिल ऑफ इंडिया को आगे आवश्यक कार्यवाही हेतु भेजा जा सके।
संघ की ओर से यह सूचना अध्यक्ष सुशील कुमार दुबे, वरिष्ठ उपाध्यक्ष शिव कुमार पांडेय, कनिष्ठ उपाध्यक्ष अमिताभ केशरवानी, उपसचिव (प्रशासन) रूपनारायण अग्रहरी, उपसचिव (पुस्तकालय) विनोद कुमार गुप्ता, उपसचिव (लेखा) भाई लाल, कोषाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह, लेखा निरीक्षक जितेंद्र बहादुर तिवारी तथा कार्यकारिणी सदस्यों अभय कुमार, रामराज सिंह, राजेंद्र प्रसाद सिंह, रमेश शर्मा और नवीन कुमार श्रीवास्तव द्वारा जारी की गई।
ब्यूरोचीफ- बसंत कुमार गुप्ता









