वाराणसी। कड़ाके की ठंड को देखते हुए जनपद में मवेशियों की सुरक्षा और देखभाल को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के निर्देश पर खंड विकास अधिकारी सेवापुरी राजेश कुमार सिंह ने देर रात क्षेत्र के विभिन्न गौआश्रय स्थलों का औचक निरीक्षण किया।
बीडीओ ने ठठरा, बड़ौरा एवं पूरे बरियारपुर गांव स्थित गौआश्रय केंद्रों का निरीक्षण कर वहां मौजूद मवेशियों की स्थिति, ठंड से बचाव की व्यवस्था एवं खान-पान की गुणवत्ता का बारीकी से जायजा लिया।
अलाव, चारा और साफ-सफाई की जांच
निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी ने सबसे पहले अलाव की व्यवस्था देखी और यह सुनिश्चित किया कि सभी केंद्रों पर नियमित रूप से आग जलाई जा रही है या नहीं। उन्होंने यह भी जांचा कि मवेशियों को ठंड से बचाने के लिए तिरपाल, बोरा एवं अन्य सुरक्षात्मक साधनों का सही उपयोग हो रहा है या नहीं।
इसके साथ ही उन्होंने चारा, भूसा, पानी की उपलब्धता, गौशालाओं की घेराबंदी और साफ-सफाई की स्थिति का भी गहन निरीक्षण किया।
लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
निरीक्षण के दौरान बीडीओ राजेश कुमार सिंह ने उपस्थित कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि “ठंड के इस मौसम में किसी भी मवेशी को असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभी गौआश्रय स्थलों पर नियमित अलाव जलाया जाए, पर्याप्त चारा-पानी उपलब्ध रहे और स्वास्थ्य की निगरानी की जाए।”
उन्होंने यह भी कहा कि गौआश्रयों की साफ-सफाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रत्येक केंद्र का रोजाना निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार करने तथा किसी भी समस्या की सूचना तत्काल ब्लॉक स्तर पर देने के निर्देश दिए गए।
लापरवाही पर होगी कार्रवाई
खंड विकास अधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसी भी गौआश्रय स्थल पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि ठंड के मौसम में सभी मवेशियों को सुरक्षित वातावरण और समुचित देखभाल मिले।









