चंदौली: स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन (डीडीयू जंक्शन) पर विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर एकदिवसीय फोटो प्रदर्शनी आयोजित की गई। इस प्रदर्शनी में देश के विभाजन की दुखद घटनाओं, लोगों के पलायन की कठिनाइयों और उस समय की ऐतिहासिक परिस्थितियों को तस्वीरों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।

प्रदर्शनी का उद्घाटन मंडल रेल प्रबंधक श्री उदय सिंह मीना ने पैसेंजर एरिया में फीता काटकर किया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री दिलीप कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने मिलकर प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में रेलकर्मी, यात्री और स्थानीय लोग भी शामिल हुए। मंडल के कार्मिक विभाग द्वारा आयोजित इस प्रदर्शनी का उद्देश्य न केवल देश के बंटवारे की पीड़ा को याद करना है, बल्कि उस समय के लोगों के हौसले, संघर्ष और देशभक्ति को भी दर्शाना है।
डीडीयू मंडल द्वारा यह आयोजन सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र प्रेम को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास माना जा रहा है।









