बलिया: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगरा थाना परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर थानाध्यक्ष कौशल पाठक, भाजपा मंडल अध्यक्ष सूर्यप्रकाश सिंह और युवा समाजसेवी प्रो. समरजीत सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान कई पौधे लगाए गए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस अवसर पर युवा समाजसेवी समरजीत सिंह ने कहा कि “पेड़ हमारे सबसे बड़े जीवनदाता हैं। ये न केवल हमें ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि प्रदूषण को कम करने और तापमान को संतुलित रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। हर व्यक्ति को हर साल कम से कम पांच पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए।”
उन्होंने आगे कहा कि “पर्यावरण दिवस पर पौधे तो लगाए जाते हैं, लेकिन लोग उन्हें भूल जाते हैं। ज़रूरी है कि लगाए गए पौधों की जिम्मेदारी भी उठाई जाए। इसके अलावा बिजली और पानी की भी बचत करनी चाहिए। अनावश्यक लाइट्स और उपकरणों को बंद करें, नल खुला न छोड़ें — ये छोटे प्रयास पर्यावरण के साथ-साथ आपके बिजली-पानी के बिल को भी कम करेंगे।”
कार्यक्रम में यह भी संकल्प लिया गया कि प्लास्टिक और पॉलिथिन का उपयोग बंद किया जाए और उसके स्थान पर कागज या कपड़े के थैले का इस्तेमाल किया जाए। समरजीत सिंह ने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों में भी पर्यावरण संरक्षण की आदतें विकसित करें और अगली पीढ़ी को भी इसके प्रति जागरूक करें।
इस अवसर पर थाना परिसर में अनेक पौधे लगाए गए और उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।
रिपोर्ट- अवधेश यादव









