मिर्जापुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के लालपुर खदान से रविवार भोर में एक पोकलेन को जबरन टेलर गाड़ी पर लादकर ले जाने का मामला सामने आया। सूचना मिलने पर पुलिस ने जमुई से पोकलेन को वापस लाकर स्थानीय थाने में सीज कर दिया।
जानकारी के अनुसार, पोकलेन मालिक अशोक कुमार के पोकलेन को दो दिन पूर्व खदान में हुए विवाद के दौरान नुकसान पहुँचाया गया था। विवाद पोकलेन चलाने को लेकर दो ऑपरेटरों के बीच हुआ था। इस दौरान 32 वर्षीय करोशन पुत्र संजय राम (ग्राम व थाना दावत, रोहतास, बिहार) ने 26 वर्षीय सनोज कुमार पुत्र मुन्नीलाल (पड़रथ, थाना कोन, सोनभद्र) पर चाकुओं से हमला कर जख्मी कर दिया और अपने पोकलेन से अशोक के पोकलेन को तोड़ दिया।
रविवार सुबह आरोपी ने टेलर गाड़ी पर पोकलेन लादकर ले जाने का प्रयास किया, जिसे अशोक कुमार की शिकायत पर पुलिस ने जमुई से पकड़कर वापस थाने लाया और सीज कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक सदानंद सिंह ने बताया कि पोकलेन चलाने को लेकर आपसी विवाद में मारपीट और तोड़फोड़ हुई थी। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।









