Search
Close this search box.

गाजीपुर: बारा विद्युत उपकेंद्र से बिजली आपूर्ति ठप, ग्रामीण परेशान, विभाग पर फूटा आक्रोश

गाजीपुर: गहमर कोतवाली क्षेत्र के बारा गांव स्थित विद्युत उपकेंद्र से सोमवार शाम 6:00 बजे से बिजली आपूर्ति पूरी तरह से ठप है, जिससे ग्रामीणों को भीषण गर्मी में रात भर बिना बिजली के गुजारनी पड़ी। विभाग द्वारा जारी सूचना में बताया गया कि 33 केवी लाइन में फॉल्ट के चलते आपूर्ति संभव नहीं हो पा रही है।

बारिश के साथ ही बंद हो जाती है बिजली

ग्रामीणों का आरोप है कि हल्की बारिश होते ही उपकेंद्र की आपूर्ति बाधित हो जाती है। गांव के उमर खान, सोनू खान और समाजसेवी शाहनवाज खान ने विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि, “हर बार एक ही बहाना—‘फॉल्ट गया, पंचर हो गया’—बता कर मैसेज भेज दिया जाता है, लेकिन समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं निकलता।”

बिजली विभाग की व्यवस्था पर उठे सवाल

ग्रामीणों का कहना है कि विभाग के पास ना कोई कारगर व्यवस्था है, ना ही समस्या के समाधान की मंशा। शिकायत करने पर फोन रिसीव नहीं होता, और यदि हो भी गया तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलता। स्थिति इतनी खराब हो गई है कि अब ग्रामीण समझ नहीं पा रहे हैं कि शिकायत किससे करें और जिम्मेदार कौन है।

जनजीवन प्रभावित, आक्रोश बढ़ा

बिजली की लचर व्यवस्था ने लोगों की दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित कर दी है। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक, सभी गर्मी और अंधेरे से परेशान हैं। लगातार ऐसी समस्याओं से ग्रामीणों में गहरा आक्रोश देखा जा रहा है।

विभाग की सफाई: जल्द बहाल होगी आपूर्ति

इस संबंध में संपर्क किए जाने पर एसएसओ कैलाश यादव ने बताया कि 33 केवी लाइन में फॉल्ट आने के कारण आपूर्ति बाधित हुई है। मरम्मत कार्य जारी है, और जल्द ही बिजली व्यवस्था को सुचारु रूप से बहाल कर दिया जाएगा।

Leave a Comment

और पढ़ें