वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे के दौरान बाढ़ की स्थिति का व्यापक जायजा लिया। उन्होंने मंडलायुक्त और जिलाधिकारी सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा की।
प्रधानमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में किसी भी प्रकार की राहत या सहायता में कोई कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को समय पर भोजन, चिकित्सा सुविधा और सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया जाए। पीएम मोदी ने बाढ़ से होने वाले दीर्घकालिक नुकसान को देखते हुए स्थायी समाधान और बेहतर बाढ़ प्रबंधन योजना तैयार करने पर भी जोर दिया।
इस दौरान उन्होंने स्थानीय प्रशासन से कहा कि राहत कार्यों में तेजी और पारदर्शिता बरती जाए, ताकि जनमानस को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों के लोगों की आवश्यकताओं की पूर्ति को प्राथमिकता देने की बात कही।
इसी बीच, गंगा नदी के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से नावों के संचालन पर पूरी तरह रोक लगा दी है। हालांकि, नमो घाट पर कुछ लोग छोटी नावों से मछली पकड़ते हुए देखे गए, जो नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं और अपनी जान खतरे में डाल रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से नदी में नावों का उपयोग न करने और सभी सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।









