कौशांबी। थाना कोखराज क्षेत्र के काकराबाद गांव में एक विकलांग व्यक्ति ने अपने ही भाई पर पैतृक जमीन पर जबरन कब्जा करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि स्थानीय पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच नहीं कर रही है।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि जांच दरोगा गुप्ता द्वारा पक्षपातपूर्ण तरीके से की जा रही है और पुलिस उसकी समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है। इसके अलावा, उसके परिवार के अन्य सदस्य भी उसके हिस्से की संपत्ति से उसे वंचित करने का प्रयास कर रहे हैं।
विकलांग व्यक्ति ने बताया कि बचपन से ही उसे परिवार में उचित हक नहीं मिला और शादी-ब्याह जैसे अवसरों पर भी उसे अलग-थलग रखा गया। अब जमीन विवाद के नाम पर उसकी संपत्ति पर जबरन कब्जा किया जा रहा है।
पीड़ित ने कहा कि उनके पिता सरगीराम ने पहले ही सभी का बंटवारा कर दिया था, बावजूद इसके उसके भाई द्वारा जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने जिला प्रशासन और उच्च अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है।

Author: Ujala Sanchar
उजाला संचार एक प्रतिष्ठित न्यूज़ पोर्टल और अख़बार है जो स्थानीय, राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और अन्य समाचारों को कवर करती है। हम सटीक, विश्वसनीय और अद्यतन जानकारी प्रदान करने के लिए समर्पित हैं।