मिर्जापुर: नगर में ऐतिहासिक कुओं और प्राचीन मंदिरों पर अवैध कब्जों का सिलसिला लगातार बढ़ता जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पालिका और जिला प्रशासन की चुप्पी से अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद हैं।
शहर के कई वार्डों में स्थित प्राचीन कुएं, जो कभी पानी का मुख्य स्रोत थे, अब कूड़ाघर बन गए हैं या उन पर दुकानों और मकानों का निर्माण किया जा रहा है। डंकिनगंज का प्रसिद्ध चिनियांहवा ईनारा और बाजीराव कटरा वार्ड की बिलासी गली में स्थित प्राचीन मंदिर भी अब भू-माफियाओं के निशाने पर हैं। यहां अवैध निर्माण और भूमिगत कब्जे की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह केवल धार्मिक और ऐतिहासिक धरोहरों का नुकसान नहीं है, बल्कि मिर्जापुर शहर की पहचान और सांस्कृतिक विरासत पर भी सीधा खतरा है। लोग जल्द से जल्द प्रशासन से कार्रवाई कर इन अवैध कब्जों को हटाने की मांग कर रहे हैं।
रिपोर्ट – बसंत कुमार गुप्ता









