गाजीपुर: ग्रामिण यूनियन स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) ग्रामीण युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को आरसेटी परिसर में “सक्सेसफुल एलुमिनी मीट” का आयोजन किया गया, जिसमें संस्थान से प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके सफल उद्यमियों ने भाग लिया और अपने अनुभव साझा कर वर्तमान प्रशिक्षार्थियों को प्रेरित किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पण के साथ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ संकाय मुकेश श्रीवास्तव ने की, जबकि संचालन कार्यालय सहायक इल्मा नूर ने किया।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षण प्राप्त कर व्यवसाय प्रारंभ करने वाले उद्यमियों को सम्मानित किया गया। इनमें सिलाई, फास्ट फूड, ब्यूटी पार्लर, रेफ्रिजरेशन एवं एयर कंडीशनिंग, जूता निर्माण, अगरबत्ती निर्माण जैसे क्षेत्रों के सफल उद्यमी शामिल रहे।
आरसेटी की इस पहल से यह स्पष्ट होता है कि संस्थान सिर्फ प्रशिक्षण ही नहीं दे रहा, बल्कि युवाओं को स्वरोजगार के वास्तविक अवसरों से भी जोड़ रहा है, जिससे वे अपने क्षेत्रों में रोजगार के केंद्र बन रहे हैं।









