चंदौली: डीडीयू जंक्शन पर बुधवार सुबह रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई में 8.506 किलो चांदी के आभूषण बरामद किए गए। पकड़े गए दो व्यक्तियों के पास से बरामद जेवरात की अनुमानित कीमत ₹4,47,817 आंकी गई है।

सुबह करीब 10:15 बजे गश्त और चेकिंग के दौरान पैदल पुल पर एक काले रंग का पिट्ठू बैग लिए दो व्यक्तियों की संदिग्ध गतिविधि देखकर पुलिस ने उन्हें रोका। पूछताछ में टालमटोल करने पर बैग की तलाशी ली गई, जिसमें 07 पैकेट में 194 पीस चांदी की पायल और 01 पैकेट में 15 पीस चांदी के पंजे मिले।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनीष यादव (26 वर्ष, निवासी पियरी, वाराणसी) और प्रशांत कुमार वर्मा (33 वर्ष, निवासी मधनेश्वर, वाराणसी) के रूप में हुई। दोनों ने स्वीकार किया कि वे वाराणसी से बक्सर (बिहार) जा रहे थे, लेकिन जेवरात के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
सूचना पर आयकर विभाग की टीम मौके पर पहुंची। मूल्यांकनकर्ता गिरधर गोपाल ने जांच के बाद सभी आभूषणों को चांदी निर्मित बताते हुए कुल वजन 8.506 किलो और कीमत ₹4,47,817 निर्धारित की। इसके बाद बरामद सामान और दोनों आरोपियों को अग्रिम कार्रवाई के लिए आयकर विभाग वाराणसी को सुपुर्द कर दिया गया।








