चन्दौली/डीडीयू नगर। “समाज की सेना” संगठन की एक आवश्यक खड़ी-खड़ी खरी-खरी चर्चा सुभाष पार्क में आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए जिले के वरिष्ठ अधिवक्ता संतोष कुमार पाठक ने जनपद चन्दौली में व्याप्त भ्रष्टाचार, बदहाल बुनियादी सुविधाओं और सरकारी तंत्र की विफलताओं पर तीखा हमला बोला।
एडवोकेट संतोष कुमार पाठक ने कहा कि जनपद में भ्रष्टाचार चरम पर है। पहले बनने वाली सड़कें वर्षों तक चलती थीं, लेकिन अब एक साल भी नहीं टिक पा रहीं। हाईवे निर्माण में खुलेआम भ्रष्टाचार हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में स्टेट हाईवे संख्या-120 के चौड़ीकरण और फोरलेन को सिक्स लेन बनाने के लिए आए 320 करोड़ रुपये में से दो लेन सड़क ही गायब कर दी गई और करीब 108 करोड़ रुपये का घोटाला हुआ। जनता द्वारा आवाज उठाने पर समस्याओं के समाधान के बजाय मुकदमे लादे गए और आवाज दबाने की कोशिश की गई।
उन्होंने कहा कि नगर के अधिकांश वार्डों में सड़कें और गलियां टूटी हुई हैं, नालियां बजबजा रही हैं, लेकिन सत्ताधारी और अधिकारी सरकारी धन से अपनी झोलियां भरने में लगे हैं। अपात्र लोगों को सरकारी सुविधाएं मिल रही हैं, जबकि वास्तविक हकदार कार्यालयों के चक्कर काटने को मजबूर हैं।
एडवोकेट पाठक ने शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों की हालत बद से बदतर हो चुकी है, न अध्यापक हैं और न ही बुनियादी सुविधाएं। प्राइवेट स्कूलों में शिक्षा इतनी महंगी हो गई है कि गरीब परिवारों के लिए बच्चों को पढ़ाना मुश्किल हो गया है। वहीं सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी, दवाइयों का अभाव और खराब पड़ी जांच मशीनें आम जनता के लिए बड़ी समस्या बनी हुई हैं। मजबूरी में लोग निजी अस्पतालों में इलाज कराकर खेत-जेवर तक गिरवी रखने को विवश हैं।
उन्होंने एलान किया कि “समाज की सेना” पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के हर वार्ड में जाएगी, जनता की समस्याएं सुनेगी और उनके समाधान के लिए आंदोलन करेगी। इसके बाद विधानसभा क्षेत्र के हर गांव, फिर पूरे जिले और प्रदेश में जनआंदोलन कर मुख्यमंत्री तक जनता की आवाज पहुंचाई जाएगी।
इस अवसर पर अभिषेक मिश्रा, अजय यादव गोलू, पिंटू सिंह राजपूत, संतोष ओझा, अमन, देवकांत सहित कई लोग उपस्थित रहे।
ब्यूरो – चन्दौली
संजय शर्मा









