गाजीपुर: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, संस्थापक सदस्य और पूर्व विधान परिषद सदस्य बच्चा यादव का लखनऊ पीजीआई में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर फैलते ही गाजीपुर स्थित बड़ीबाग चुंगी आवास पर लोगों की भीड़ जुटने लगी।

जिला अध्यक्ष गोपाल यादव ने उनके पार्थिव शरीर पर पार्टी का झंडा ओढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। तहसीलदार सदर राजीव यादव ने जिला प्रशासन की ओर से पुष्पांजलि दी। इसके बाद शव यात्रा पार्टी कार्यालय क्षमता भवन पहुंची, जहां सांसद अफजाल अंसारी समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि दी।

जिला अध्यक्ष गोपाल यादव ने उन्हें सहज, सरल और ईमानदार व्यक्तित्व बताया। सांसद अफजाल अंसारी ने कहा कि बच्चा बाबू एक गरीब परिवार से उठकर राजनीति में ऊंचा मुकाम हासिल करने वाले नेकदिल इंसान थे।
श्रद्धांजलि देने वालों में पूर्व विधायक उमाशंकर कुशवाहा, खुर्शीद अहमद, त्रिवेणी राम, रामधारी यादव, अध्यक्ष रईस अहमद समेत कई नेता मौजूद रहे।
बच्चा यादव का अंतिम संस्कार गाजीपुर श्मशान घाट पर राजकीय सम्मान के साथ किया गया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, पूर्व महामंत्री रामनरेश कुशवाहा, विधान परिषद सदस्य प्रतिनिधि डॉ. प्रदीप पाठक, जिला मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा समेत अनेक नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की।










