बलिया। नगरा नगर पंचायत के वार्ड नंबर 13 की निवासी वरिष्ठ महिला जोनिंया देवी का 110 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। दिवंगता जोनिंया देवी रिपोर्टर विनोद सोनी के कैमरामैन अजय कुमार की माता थीं।

परिजनों के अनुसार, जोनिंया देवी अपने पीछे पांच बच्चों का परिवार छोड़ गई हैं। उनके बड़े पुत्र का पूर्व में ही निधन हो चुका है। सरल, मिलनसार और सेवाभावी स्वभाव के लिए जानी जाने वाली जोनिंया देवी सभी जाति-धर्म के लोगों से प्रेमपूर्वक व्यवहार करती थीं और मोहल्ले के हर सुख-दुख में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती थीं। कठिन परिश्रम के साथ उन्होंने अपने बच्चों का पालन-पोषण किया, जिसके परिणामस्वरूप उनके चार बच्चे आज आत्मनिर्भर जीवन जी रहे हैं।
दिवंगता का अंतिम संस्कार वार्ड नंबर 13 स्थित श्मशान घाट पर किया गया, जहां हजारों की संख्या में लोग उपस्थित रहे। निधन की सूचना मिलते ही मोहल्ले व आसपास के क्षेत्रों के लोग उनके आवास पर पहुंचे और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी।
नगर पंचायत नगरा के अध्यक्ष प्रतिनिधि उमाशंकर राम शोक समाचार सुनते ही उनके आवास पर पहुंचे। वार्ड नंबर 13 के सभासद संजय बहादुर सिंह भी मौके पर मौजूद रहे। इसके अलावा पूर्व प्रधान प्रहलाद सिंह, पूर्व प्रधान काशीनाथ जायसवाल, पूर्व ब्लॉक प्रमुख निर्भय प्रकाश, भारतीय जनता पार्टी के युवा नेता समरजीत बहादुर सिंह ‘बंटू’, लाल श्रीवास्तव, फरीद अहमद, मुस्लिम अंसारी, भूतपूर्व सैनिक अलाउद्दीन, समाजवादी पार्टी के नेता मुस्ताक अहमद, विवेक कुमार जलजला, ओम विवेक कुमार भंडारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व नगरवासी उपस्थित रहे।
वहीं क्षेत्र में शोक का माहौल है। लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
रिपोर्ट: विनोद सोनी








