बलिया; उत्तर प्रदेश सरकार में पंचायती राज मंत्री और सुभासपा (सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी) प्रमुख ओमप्रकाश राजभर को गोली मारने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। धमकी ‘करणी सेना बलिया’ नाम की एक फेसबुक आईडी से दी गई, जिसमें खुले तौर पर लिखा गया – “ओपी राजभर को गोली मार दूंगा”।
इस संबंध में सुभासपा प्रवक्ता और ओमप्रकाश राजभर के पुत्र अरुण राजभर ने एक वीडियो जारी कर नाराजगी जताई और कहा कि उनके पिता को जान से मारने की धमकी दी गई है। उन्होंने कमलेश सिंह नामक व्यक्ति और ‘करणी सेना बलिया’ फेसबुक अकाउंट पर सीधे आरोप लगाया।
Z श्रेणी की सुरक्षा की मांग
अरुण राजभर ने कहा कि धमकी बेहद गंभीर है और इसे हल्के में नहीं लिया जा सकता। उन्होंने रसड़ा थाने में एफआईआर दर्ज कराने की बात कही है और मांग की है कि धमकी देने वाले की तत्काल गिरफ्तारी हो। साथ ही उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर Z श्रेणी की सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।
करणी सेना का पलटवार: “फर्जी अकाउंट से दी गई धमकी”
करणी सेना बलिया के जिला अध्यक्ष कमलेश सिंह ने खुद पर लगे आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि, “ओपी राजभर का परिवार ड्रामेबाज है। मैंने कोई धमकी नहीं दी। यह सब नौटंकी Z प्लस सुरक्षा के लिए की जा रही है।”
कमलेश सिंह ने कहा कि धमकी देने वाला फर्जी फेसबुक अकाउंट हो सकता है और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि जांच में आरोप सिद्ध होते हैं तो वह कार्रवाई के लिए तैयार हैं, लेकिन अगर आरोप झूठे निकलते हैं तो अरुण राजभर पर मानहानि का केस दर्ज किया जाए।
पुलिस जांच शुरू
पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि धमकी देने वाला अकाउंट वास्तविक है या फर्जी, लेकिन सोशल मीडिया पर दी गई धमकियों के मद्देनजर साइबर सेल को भी सक्रिय किया गया है।









