Search
Close this search box.

गाजीपुर: हत्या के तीनों आरोपों में नामजद बेटा गिरफ्तार, जमीनी विवाद बना कारण

गाजीपुर: गाजीपुर जनपद के कोतवाली क्षेत्र में हुए एक दिल दहला देने वाले तिहरे हत्याकांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक अनावरण करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अभय यादव उर्फ भुट्टन यादव ने जमीनी विवाद के चलते अपने मां, पिता और बहन की कुल्हाड़ी से निर्ममता पूर्वक हत्या कर दी थी।

घटना 27 जुलाई 2025 की है, जब वादी अमरनाथ यादव ने कोतवाली थाने में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी थी। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।

ऐसे दिया हत्याकांड को अंजाम

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अभय यादव का अपने परिवार से भूमि को लेकर विवाद चल रहा था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी बहन ने दो बार शादी करने के बाद भी घर में कलह पैदा कर दी थी और मां-बाप को भड़काकर उसकी एक बीघा जमीन अपने नाम करवा ली थी। इसी बात से आक्रोशित होकर आरोपी ने पहले बहन कुसुम की हत्या की, फिर मां जमुनी देवी और अंत में पिता शिवराम यादव को कुल्हाड़ी से मौत के घाट उतार दिया।

गिरफ्तारी ऐसे हुई

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अभय यादव उर्फ भुट्टन यादव को चौकिया तिराहा के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई कर रही है।

गिरफ्तारी टीम में शामिल अधिकारी

  • कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दीनदयाल पांडे
  • स्वाट प्रभारी उप निरीक्षक रोहित मिश्रा

पुलिस अधीक्षक ने गिरफ्तारी टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

और पढ़ें