Search
Close this search box.

सोनभद्र: भूमाफियाओं ने आदिवासियों की जमीन पर किया कब्जा, तहसील मुख्यालय पहुंचकर किया प्रदर्शन

सोनभद्र: ग्राम पंचायत फुलवार के टोला सुइचट्टन में आदिवासियों की जमीन पर दबंग भूमाफियाओं द्वारा अवैध कब्जा किए जाने का मामला सामने आया है। इस मामले को लेकर दर्जनों आदिवासी तहसील मुख्यालय पहुंच गए और जोरदार प्रदर्शन किया। साथ ही उपजिलाधिकारी दुद्धी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन में शामिल आदिवासियों- जासो देवी, मंगरु भुइया, राजेश भुइया, हरि भुइया, बिहारी चेरो, अलियार भुइया, रामदेव भुइया और राम परीखा भुइया ने बताया कि उन्हें सरकार द्वारा पट्टे पर जमीन आवंटित की गई थी। लेकिन गांव के ही कुछ दबंगों ने इन जमीनों पर जबरन कब्जा कर लिया है। जब भी वे अपनी जमीन पर खेती करने की कोशिश करते हैं, तो उन्हें धमकाया और डराया जाता है।

आदिवासियों ने बताया कि काफी डर और दबाव के बावजूद उन्होंने साहस कर तहसील पहुंचकर अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है। उपजिलाधिकारी दुद्धी ने उन्हें आश्वस्त किया है कि मामले की जांच के लिए तत्काल टीम गठित की जाएगी। जमीन की पैमाइश कर अवैध कब्जा हटाया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द कार्रवाई कर भूमि पर उनका अधिकार सुनिश्चित कराने की मांग की है। मामला प्रशासनिक स्तर पर गंभीरता से लिया जा रहा है।

Leave a Comment

और पढ़ें