Search
Close this search box.

सोनभद्र: ओबरा ने 4-0 से रचा इतिहास, बनी पहली जिला महिला फुटबॉल चैंपियन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

सोनभद्र। सोनभद्र की खेल प्रतिभाओं ने इतिहास रच दिया है। जिला फुटबॉल संघ सोनभद्र के तत्वावधान में आयोजित प्रथम सात दिवसीय जिला महिला फुटबॉल चैंपियनशिप 2025 का भव्य समापन बुधवार को दुद्धी के रामलीला मैदान में हुआ। रोमांचक फाइनल मुकाबले में स्पोर्टिंग क्लब ओबरा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सोनांचल इंटर कॉलेज दुद्धी को 4-0 से पराजित कर जिले की पहली महिला फुटबॉल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

फाइनल मैच दो हाफ (30-30 मिनट) में खेला गया। पहले हाफ में ही ओबरा की जर्सी नंबर 3 खिलाड़ी रूबी ने शानदार गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। दूसरे हाफ की शुरुआत में ही रूबी ने एक और गोल दागा, जिससे ओबरा की बढ़त और मजबूत हो गई। इसके बाद टीम ने लगातार आक्रामक खेल दिखाते हुए कुल चार गोलों की बढ़त के साथ चैंपियनशिप अपने नाम कर ली।

पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि रहीं पूर्व चेयरमैन निशा सिंह (रेणुकूट) तथा विशिष्ट अतिथि पूर्व चेयरमैन कमल कुमार कानू (दुद्धी) व अभय प्रताप सिंह ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।

विशेष पुरस्कार:

  • बेस्ट गोलकीपर: खुशी (ओबरा)
  • बेस्ट डिफेंडर: सोनम (ओबरा)
  • प्लेयर ऑफ द सीरीज: छाया (सोनांचल इंटर कॉलेज, दुद्धी) — जिन्होंने पूरे टूर्नामेंट में चार गोल किए।
  • बेस्ट दर्शक: संदीप तिवारी (दुद्धी)

विशिष्ट अतिथि कमल कुमार कानू ने कहा, “आज जब युवा वर्ग नशे में लिप्त हो रहा है, वहीं गरीब परिवारों की बेटियां खेल के मैदान में अपनी मेहनत और लगन से जिले का मान बढ़ा रही हैं।” वहीं मुख्य अतिथि निशा सिंह ने कहा, “आज बालिकाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। उम्मीद है कि ये खिलाड़ी आगे चलकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।”

कार्यक्रम का संचालन शिव शंकर प्रसाद एडवोकेट ने किया। रेफरी की भूमिका सुधीर कुमार, सहायक निर्णायक गोविंद व आंसू ने निभाई। इस अवसर पर जिला फुटबॉल संघ के सचिव मुज्जफर अली, संयुक्त सचिव अनिल तिवारी, सोनांचल इंटर कॉलेज के प्रबंधक राजेश्वर श्रीवास्तव, दीपक कुमार, सुनील जायसवाल, मनोज सिंह बबलू सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें