सोनभद्र: रॉबर्ट्सगंज ब्लॉक के ग्राम पंचायत पेटराही स्थित संत श्री कामेश्वर जी शिक्षा एवं जन विकास सेवा आश्रम, सिंधौरा गोरारी में आयोजित श्रीमद्भागवत महापुराण सप्ताह ज्ञान यज्ञ के पंचम दिवस पर सोमवार को भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की भव्य झांकी निकाली गई।

“हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” के जयकारों से कथा स्थल गुंजायमान हो उठा। झांकी में भगवान श्रीकृष्ण के बालरूप, माखन चोरी, कालिया मर्दन, व्रजरज का महत्व आदि दिव्य लीलाओं का जीवंत प्रदर्शन किया गया, जिसे देख भक्तगण भावविभोर हो उठे।
परम् श्रद्धेय अरुण कृष्ण शास्त्री जी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का मनोहारी वर्णन करते हुए पूतना मोक्ष, ब्रह्मादिक देवताओं का मान मर्दन, और गोवर्धन पूजा की कथा का रसपान कराया। उन्होंने कहा कि भारतवर्ष में जन्म लेना सौभाग्य की बात है, यहाँ की प्रकृति, पर्वत, पत्ते-पत्थर तक गोविंदमय हैं, जिनसे हमें दिव्य ऊर्जा प्राप्त होती है।
महाराज जी ने गाय, ब्राह्मण, संत, माता-पिता और पर्वतों को भारतीय संस्कृति में प्रत्यक्ष देवस्वरूप बताया और सभी से वैदिक गुरुकुल निर्माण में सहयोग की अपील की।
मुख्य रूप से यज्ञ के आचार्य पं. सूरज पाण्डेय, पं. सतीश पाण्डेय, अर्जुन तिवारी, सुन्दरम् ओझा, अभिषेक पाठक, राजेश पाठक, नितेश पाठक, सुशील त्रिपाठी, प्रशान्त मिश्र, दिनेश पाण्डेय, गणेश दूबे, पंकज पाण्डेय, प्रिया पाठक, सुशीला पाठक, सुघरा पाठक, उषा पाठक, अनुराग पाठक, प्रिंस पांडेय, ललित पांडेय, सनोज पांडेय एवं क्षेत्र के समस्त भगवत्प्रेमी भक्तजन और संगीत कलाकार उपस्थित रहे।

Author: Ujala Sanchar
उजाला संचार एक प्रतिष्ठित न्यूज़ पोर्टल और अख़बार है जो स्थानीय, राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और अन्य समाचारों को कवर करती है। हम सटीक, विश्वसनीय और अद्यतन जानकारी प्रदान करने के लिए समर्पित हैं।