सोनभद्र। जिले की होनहार बेटी स्नेहा सिंह ने एक बार फिर सोनभद्र का नाम रोशन किया है। नई दिल्ली के भारत मंडपम, प्रगति मैदान में आयोजित राष्ट्रीय सामाजिक संस्था NIFA (नेशनल इंटीग्रेटेड फोरम ऑफ आर्टिस्ट्स एंड एक्टिविस्ट्स) के रजत जयंती समारोह में उन्हें “स्टेट चैंपियन ऑफ यंग कम्युनिटी चेंज अवॉर्ड” से नवाज़ा गया।
स्नेहा को यह सम्मान वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस, इंग्लैंड की ओर से प्रदान किया गया। इसके साथ ही उन्हें ₹10,000 की नकद राशि और सर्टिफिकेट भी दिया गया। यह कार्यक्रम 21 से 24 सितंबर 2025 तक आयोजित हुआ, जिसमें देश-विदेश से लगभग 1300 समाजसेवियों को सम्मानित किया गया।
स्नेहा, रेणुकूट हिंडाल्को स्मेल्टर प्लांट (पॉटरूम लाइन-11) के डिप्टी मैनेजर अरुण कुमार सिंह की पुत्री हैं और वर्तमान में डीएवी पब्लिक स्कूल, ओबरा में खेल प्रशिक्षिका के रूप में कार्यरत हैं। इसके साथ ही वे जिला संगठन आयुक्त (गाइड) के पद पर भी जिम्मेदारी निभा रही हैं।
स्नेहा स्काउट-गाइड क्षेत्र में लगातार योगदान देती रही हैं। वे नियमित रक्तदाता, राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो स्वर्ण पदक विजेता और राष्ट्रीय ताइक्वांडो रेफरी भी हैं।
सम्मान मिलने पर स्नेहा ने कहा, “समाज के लिए काम करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। यदि हम एक-दूसरे की मदद करेंगे तो देश आगे बढ़ेगा। मैं इस अवॉर्ड से गर्व महसूस कर रही हूँ और चाहती हूँ कि हमारे जनपद और प्रदेश की बेटियाँ भी मेहनत करें और लक्ष्य तय कर आगे बढ़ें।”
समारोह में शिव खेड़ा मुख्य अतिथि रहे। इसके अलावा संजय पंजवानी, मंगलम दुबे सहित जापान, इंग्लैंड और मॉरीशस से आए कई विशेष अतिथि भी मौजूद रहे। पूरे जिले में इस उपलब्धि पर हर्ष का माहौल है। डीएवी स्कूल की प्रधानाचार्या प्रतिभा जौहरी, भारत स्काउट गाइड संस्था के सदस्य और जिलेवासियों ने स्नेहा और उनके परिवार को बधाई दी।
निफा जिलाध्यक्ष अमित चौबे ने इस सफलता को ऐतिहासिक बताया और कहा कि यह पूरा सोनभद्र जिले के लिए गर्व की बात है।

Author: Ujala Sanchar
उजाला संचार एक प्रतिष्ठित न्यूज़ पोर्टल और अख़बार है जो स्थानीय, राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और अन्य समाचारों को कवर करती है। हम सटीक, विश्वसनीय और अद्यतन जानकारी प्रदान करने के लिए समर्पित हैं।