वाराणसी: ऊर्जा विभाग के निजीकरण के खिलाफ समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (PVVNL) के मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यालय के मुख्य गेट का ताला तोड़ दिया, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। सुरक्षा में तैनात कर्मियों के हाथ-पांव फूल गए।
चारों ओर से बंद किए गए सभी द्वार
बढ़ते तनाव को देखते हुए मुख्यालय के सभी प्रवेश और निकास द्वार बंद कर दिए गए। अधिकारी वर्ग ने स्वयं को कार्यालयों में सुरक्षित कर लिया, वहीं कुछ कर्मचारियों ने मुख्य भवन से बाहर निकलना ही उचित समझा।
सपा का आरोप
प्रदर्शनकारी सपा नेताओं का कहना है कि ऊर्जा विभाग का निजीकरण आम जनता के हितों पर कुठाराघात है। इससे न केवल बिजली महंगी होगी, बल्कि कर्मचारियों की नौकरी भी खतरे में पड़ जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने निजीकरण की योजना वापस नहीं ली तो राज्यव्यापी आंदोलन किया जाएगा।
पुलिस बल मौके पर पहुंचा
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। प्रदर्शनकारियों को धीरे-धीरे परिसर से हटाया जा रहा है। अभी तक किसी के खिलाफ गिरफ्तारी की सूचना नहीं है, लेकिन सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई की तैयारी है।









