Search
Close this search box.

गाजीपुर: देवकली बस स्टैंड पर तेज रफ्तार बोलेरो का कहर, बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल

गाजीपुर। रामपुर माँझा थानाक्षेत्र के देवकली बस स्टैंड पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सैदपुर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल युवकों को स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाज़ुक हालत को देखते हुए रेफर कर दिया गया।

घायलों की पहचान नंदगंज के सोन्हुली गांव निवासी 25 वर्षीय हकीम अहमद, 24 वर्षीय शीबू अहमद और 18 वर्षीय कुर्बान के रूप में हुई है। तीनों युवक पेशे से बैंडबाजे का काम करते हैं और गुरुवार को किसी वैवाहिक कार्यक्रम में बैंड बजाने के लिए बाइक से जा रहे थे। जैसे ही वे देवकली बस स्टैंड से गाज़ीपुर की ओर मुड़े, सामने से तेज रफ्तार से आ रही बोलेरो ने उन्हें रौंद दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक दूर जा गिरे और बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा। दुर्घटना के बाद मौके पर भारी संख्या में भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने एनएचएआई पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि कई वर्षों से यहां सर्विस लेन बनाने का वादा किया जा रहा है, लेकिन अभी तक निर्माण शुरू नहीं हुआ। लोगों का कहना है कि सर्विस लेन न होने के कारण लगातार दुर्घटनाएँ हो रही हैं और एनएचएआई की लापरवाही जानलेवा साबित हो रही है।

गौरतलब है कि बीते पखवाड़े में भी इसी स्थान पर एक युवक की दुर्घटना में मौत हो गई थी। बढ़ती दुर्घटनाओं के बावजूद सुधारात्मक कार्य न होने से लोगों में भारी आक्रोश है।

ब्यूरोचीफ: संजय यादव

Leave a Comment

और पढ़ें