वाराणसी: वाराणसी जिले के टिकरी और रमना क्षेत्रों में हाल ही में आई बाढ़ ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। कई घरों में पानी भर गया, सड़कों पर आवागमन ठप है, और सैकड़ों परिवार अपने घरों से बेघर हो गए हैं। इस आपदा के बीच जरूरी सामानों की भारी किल्लत से लोग परेशान हैं।

ऐसे विकट समय में समाज सेवा के लिए समर्पित संस्था श्री श्री गीता सोसाइटी, वाराणसी ने आगे आकर एक मिसाल पेश की है। संस्था ने 250 बाढ़ राहत सामग्री पैकेटों का वितरण कर पीड़ितों को राहत पहुंचाई। यह सेवा कार्य संस्था के अध्यक्ष स्वामी त्रिगुनातीतानंद पुरी जी महाराज के पावन सान्निध्य में आयोजित हुआ।
क्या था राहत सामग्री में?
हर राहत पैकेट में खाद्यान्न (चावल, आटा, दाल आदि), पीने का साफ पानी, दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएँ, प्राथमिक जीवनोपयोगी सामग्री थी।
यह वितरण पूर्णतः नि:स्वार्थ भाव से किया गया, जिससे बाढ़ पीड़ितों के चेहरों पर आशा की एक नई किरण नजर आई। सहायता पाने वाले लोगों ने संस्था के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया।
श्री श्री गीता सोसाइटी न केवल आध्यात्मिक जागरण का कार्य करती है, बल्कि समाज सेवा को भी अपने मूल सिद्धांतों में शामिल मानती है। इस राहत वितरण के माध्यम से संस्था ने यह संदेश दिया कि आपदा की घड़ी में समाज को एकजुट होकर आगे आना चाहिए।
संस्था के एक प्रतिनिधि ने कहा कि “हमारा उद्देश्य केवल ध्यान और साधना नहीं, बल्कि पीड़ित मानवता की सेवा भी है। यही सच्चे धर्म और सेवा का स्वरूप है।”







