Search
Close this search box.

वाराणसी: सीएचसी दुर्गाकुंड पर एक्सीडेंट से घायल मरीजों का सफल ऑपरेशन, 24 घंटे मिल रही चिकित्सा सेवाएं

वाराणसी: शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुर्गाकुंड में अब अत्याधुनिक चिकित्सकीय सुविधाएं मरीजों के लिए जीवनदायक साबित हो रही हैं। हाल ही में एक्सीडेंट में घायल दो मरीजों का सफल ऑपरेशन कर यह साबित कर दिया गया कि सीएचसी स्तर पर भी गंभीर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि रविवार को बबलू यादव और पीयूष चौबे नामक दो युवक मोटरसाइकिल से दुर्घटनाग्रस्त होकर सीएचसी पहुंचे थे। उन्हें तुरंत आकस्मिक चिकित्सा उपलब्ध कराई गई। एक्स-रे जांच में पता चला कि एक का हाथ और दूसरे का पैर फ्रैक्चर हो गया था। परिजनों की सहमति से दोनों का ऑपरेशन किया गया।

हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रवीण द्वारा दोनों मरीजों का सफल ऑपरेशन किया गया। उन्होंने बताया कि बबलू यादव के टिबिया में नीलिंग और फीबुला में प्लेटिंग की गई, वहीं पीयूष चौबे के अलनार बोन की प्लेटिंग की गई। फिलहाल दोनों मरीज स्वस्थ हैं और रिकवरी कर रहे हैं।

डॉ. प्रवीण ने कहा कि सीएचसी दुर्गाकुंड में अब डायलिसिस, फिजियोथेरेपी और हड्डी रोग विभाग जैसी सुविधाएं आमजन के लिए सुलभ हैं। यह केंद्र अब 24 घंटे आकस्मिक चिकित्सा सेवाएं प्रदान कर रहा है, जिससे शहरी क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिली है।

यह पहल प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और जिले के अन्य सीएचसी के लिए भी प्रेरणास्रोत बन सकती है।

Leave a Comment

और पढ़ें