वाराणसी: “स्वस्थ कर्मचारी–सशक्त राष्ट्र” के संकल्प के साथ बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में नशा मुक्त भारत अभियान की 5वीं वर्षगांठ पर गुरुवार को विशेष शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने प्रशासन भवन स्थित स्वागती हॉल में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर एस. के. श्रीवास्तव, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेकशील, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक आलोक अग्रवाल, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी जनार्दन सिंह, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी (प्रशासन) लालजी चौधरी, प्रमुख मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश कुमार, प्रधान वित्त सलाहकार मुकतेश मित्तल, महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त देवराज कुमार मौर्य, उप महाप्रबंधक सह सचिव महाप्रबंधक अनुज कटियार, कर्मचारी परिषद के संयुक्त सचिव श्रीकांत यादव समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।

शपथ ग्रहण कराते हुए महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने कहा, “युवा किसी भी राष्ट्र की शक्ति होते हैं और बदलाव की शुरुआत खुद से होती है। हम न केवल स्वयं, बल्कि अपने परिवार, मित्र और समाज को भी नशामुक्त रखने का संकल्प लेते हैं। हमारा लक्ष्य जिले और राज्य को नशामुक्त बनाना है।”
उन्होंने बताया कि मादक पदार्थों का सेवन गंभीर सामाजिक, मानसिक और शारीरिक समस्याओं का कारण बनता है। इन्हीं चुनौतियों से निपटने के लिए 15 अगस्त 2020 को “नशा मुक्त भारत अभियान” की शुरुआत की गई थी, जो रोकथाम एवं जागरूकता, आकलन एवं पहचान, उपचार एवं पुनर्वास, आफ़्टरकेयर, सार्वजनिक सूचना प्रसार और सामुदायिक सहभागिता जैसे पहलुओं पर केंद्रित है।
महाप्रबंधक ने सभी से आह्वान किया कि वे इस अभियान को कार्यस्थल, परिवार और समाज में आगे बढ़ाएं, ताकि आने वाली पीढ़ियों को नशामुक्त वातावरण मिल सके। उन्होंने कहा कि बरेका न केवल लोको निर्माण इकाई है, बल्कि सामाजिक दायित्व निभाने में भी अग्रणी है। आज लिया गया संकल्प कार्यस्थल को सुरक्षित और स्वस्थ बनाने के साथ समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में भी मदद करेगा।








