Search
Close this search box.

गाजीपुर: करंट लगने से संविदा सहायक लेखाकार सबीहुल हसन की मौत, शिक्षा विभाग में शोक की लहर

गाजीपुर: मरदह ब्लॉक संसाधन केंद्र में बीते तीन वर्षों से संविदा पर तैनात सहायक लेखाकार सबीहुल हसन (उम्र 57 वर्ष) की करंट लगने से मौत हो गई। यह हादसा रविवार दोपहर करीब 2 बजे हुआ जब वे अपने महमूदपुर (शहर कोतवाली क्षेत्र) स्थित आवास पर समरसेबल का बोर्ड चालू कर रहे थे।

जानकारी के अनुसार, जैसे ही उन्होंने समरसेबल का बोर्ड ऑन करने के लिए स्विच में हाथ डाला, उसी समय वे विद्युत करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। परिजनों और आसपास के लोगों ने तत्काल उन्हें जिला मेडिकल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की खबर फैलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं शिक्षा विभाग में भी शोक की लहर दौड़ पड़ी। जिला मुख्यालय से लेकर मरदह ब्लॉक तक विभागीय कर्मचारियों और शिक्षकों में शोक का माहौल देखा गया।

सैकड़ों की संख्या में शिक्षक व कर्मचारी उनके आवास पर पहुंचे और शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। खंड शिक्षा अधिकारी दीनानाथ साहनी ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि, “सबीहुल हसन एक मृदुभाषी और कर्तव्यनिष्ठ कर्मचारी थे। उनके आकस्मिक निधन से शिक्षा विभाग को अपूरणीय क्षति हुई है। उनकी कमी हमेशा खलेगी।”

शोक व्यक्त करने वालों में प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष आनंद प्रकाश यादव, जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ के मंडल अध्यक्ष वेद प्रकाश पांडे, विशिष्ट बीटीसी शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र नाथ यादव, महिला शिक्षक संघ की अध्यक्ष संध्या सिंह, राम लखन यादव, जगदीश, उपेंद्र कुमार, विनय उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।

रिपोर्ट- धर्मेंद्र कुमार

Leave a Comment

और पढ़ें