Search
Close this search box.

मैनपुरी: मंदिर में पूजा कर रही गर्लफ्रेंड को ब्वायफ्रेंड ने गोलियों से भूना, शादी से इंकार करने पर था नाराज

मैनपुरी: जिले में उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक सिरफिरे आशिक ने मंदिर में पूजा कर रही युवती पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। यह दर्दनाक घटना मैनपुरी कोतवाली क्षेत्र स्थित एक शिव मंदिर की है, जहां पूजा के दौरान युवती को कथित प्रेमी राहुल दिवाकर ने गोली मार दी। आरोपी ने पहले भी युवती पर हमला किया था, लेकिन इस बार वह उसे जान से मारने की नीयत से आया था।

पूजा के दौरान किया हमला, युवती गंभीर रूप से घायल

घटना के वक्त युवती मंदिर में भगवान शिव की पूजा कर रही थी। तभी आरोपी राहुल दिवाकर ने अचानक मंदिर परिसर में घुसकर उसके ऊपर एक के बाद एक कई गोलियां चला दीं। गोलियों की आवाज से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल युवती को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

पहले भी कर चुका था हमला, शादी के लिए बना रहा था दबाव

जानकारी के अनुसार, घायल युवती और आरोपी के बीच पहले प्रेम संबंध थे, लेकिन अब लड़की की शादी कहीं और तय हो गई थी। इसी वजह से युवती ने राहुल से रिश्ता तोड़ लिया। इससे नाराज आरोपी लगातार शादी के लिए दबाव बना रहा था। युवती के भाई ने बताया कि राहुल पहले भी हमला कर चुका है और उसके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई थी।

पीड़िता के भाई ने पुलिस को बताया कि “सर वो पूजा करने आई थी, उसे गोली मार दी सर। पहले भी ऐसा हुआ था, तब भी लड़की ने मना किया था शादी से, अब फिर से हमला कर दिया।“

मुठभेड़ में घायल हुआ आरोपी, पुलिस ने किया गिरफ्तार

घटना के बाद आरोपी फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए उसे मुठभेड़ के दौरान पकड़ लिया। पुलिस को एक मुखबिर से जानकारी मिली कि आरोपी भागने की फिराक में है। जैसे ही पुलिस ने नगला जुला क्षेत्र में आरोपी को घेरने की कोशिश की, वह बाइक से भागने लगा। इस दौरान उसकी बाइक फिसल गई और उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी।

जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें आरोपी राहुल के पैर में गोली लग गई। उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके पास से एक बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद किया है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि “आरोपी राहुल को मुठभेड़ के दौरान पकड़ा गया। उसने पुलिस पर दो राउंड फायरिंग की थी। जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी। अभी उसका इलाज चल रहा है और आगे की जांच जारी है।”

पुलिस कर रही है गहन पूछताछ, और खुलासों की संभावना

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, राहुल पहले भी कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। यह मुठभेड़ मैनपुरी कोतवाली क्षेत्र के नगला जुला के पास हुई।

Leave a Comment

और पढ़ें