Search
Close this search box.

गाजीपुर: खेल के दौरान घायल छात्र की मौत, तेजपुरा गांव में छाया मातम

गाजीपुर: मरदह थाना क्षेत्र के तेजपुरा गांव निवासी 15 वर्षीय अनमोल गुप्ता की लखनऊ स्थित अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। अनमोल सोमवार को गांव में बच्चों के साथ खेलते समय हॉकी की चोट से गंभीर रूप से घायल हो गया था। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसे तत्काल लखनऊ रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

मेधावी छात्र था अनमोल

अनमोल इंटरमीडिएट का मेधावी छात्र था और अपनी पढ़ाई को लेकर गांव में चर्चा में रहता था। उसके निधन से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। देर रात जब अनमोल का शव गांव पहुंचा, तो सैकड़ों की संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए एकत्रित हो गए।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

अनमोल, मधु गुप्ता के दो पुत्रों में बड़ा था। परिवार पर इस असामयिक मौत से गहरा संकट टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने बताया कि अनमोल होनहार और आज्ञाकारी बच्चा था। उसकी मौत ने न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरे गांव को मर्माहत कर दिया है।

पुलिस द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराया गया

मामले की सूचना पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर विधिक प्रक्रिया पूरी की। फिलहाल घटना को लेकर किसी भी प्रकार की आपराधिक रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है।

Leave a Comment

और पढ़ें