Search
Close this search box.

गाजीपुर: हाईवे पर पलटी मछली से लदी पिकअप, लाखों का नुकसान, घंटों बाधित रहा यातायात

गाजीपुर: स्थानीय थाना क्षेत्र के मलिकनाथपुर गांव के सामने मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। मऊ से गाजीपुर की ओर जा रही मछली से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गई। हादसे में लाखों रुपए की मछलियां बर्बाद हो गईं और करीब एक घंटे तक आवागमन बाधित रहा।

सूत्रों के अनुसार सुबह करीब 9:30 बजे, आज़मगढ़ निवासी चालक नफीस आलम और उसका साथी सुनील कुमार पिकअप वाहन में लगभग 6 कुंतल जिंदा मछली (कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपए) लेकर जमानियां बिक्री के लिए जा रहे थे। जैसे ही वाहन मलिकनाथपुर गांव के सामने गोरखपुर–वाराणसी फोरलेन पर पहुंचा, अचानक पिकअप का बायां पहिया अलग हो गया। ओवरलोड होने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया और बिजली का पोल तोड़ते हुए हाईवे पर पलट गया।

वाहन के पलटते ही मछलियां सड़क पर बिखर गईं और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के सैकड़ों लोग जुटे और मदद करते हुए चालक व खलासी को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद ग्रामीणों ने मछलियों को दूसरे वाहन से आगे रवाना कराया।

हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन लगभग एक लाख रुपए की मछलियां मर गईं, जिससे बड़ा नुकसान हुआ। इस संबंध में थाना अध्यक्ष तारावती यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन को हाईवे से हटवाकर यातायात बहाल कराया।

ब्यूरो चीफ – अवधेश यादव

Leave a Comment

और पढ़ें