बलिया: उभांव थाना क्षेत्र के शेखपुर गांव में मंगलवार की रात एक दर्दनाक घटना घटी, जहां नींद में सांप के डसने से 16 वर्षीय किशोरी संजना यादव की मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।
मृतका के पिता उमाशंकर यादव, जो दिल्ली में कार्यरत हैं, को घटना की जानकारी मिलते ही वे घर के लिए रवाना हो गए। परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
परिजनों के अनुसार, मंगलवार की रात संजना अपने कमरे में अकेली सो रही थी, जबकि उसकी मां, भाभी और छोटा भाई छत पर सोए थे। सुबह जब परिवार के सदस्य नीचे आए तो उन्होंने देखा कि संजना का कमरा अंदर से बंद है। आवाज देने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने और धक्का देने पर कुंडी खुली।
कमरे में प्रवेश करने पर परिजनों ने देखा कि संजना बिस्तर के नीचे गिरी पड़ी थी, मुंह से झाग निकल रहा था और उसकी आंख व उंगली पर सांप के काटने के निशान साफ दिख रहे थे। परिवार ने तुरंत उसे पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों के अनुसार, कमरे में उपले और बक्से रखे हुए थे और पहले भी वहां दो-तीन बार सांप देखे गए थे। आशंका जताई जा रही है कि किसी विषैले सांप ने नींद में ही किशोरी को काट लिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना की खबर फैलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने बताया कि संजना होनहार और मिलनसार स्वभाव की थी। परिजनों ने रीति-रिवाज के अनुसार अमवा स्थित सती माई मंदिर जाकर पूजा-अर्चना की और फिर घर लौट आए।
संवाददाता – जयशंकर सिंह









