Search
Close this search box.

गाजीपुर: मिट्टी की जर्जर दीवार गिरने से बड़ा हादसा टला, दो बच्चियां बाल-बाल बचीं

गाजीपुर: थाना क्षेत्र के भोजापुर (बालचंदपुर) गांव में गुरुवार रात बड़ा हादसा होने से टल गया। यहां निवासी सिद्धी राम पुत्र स्व. सखरज राम के घर से सटी जर्जर मिट्टी की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार सीधे उनके घर की दीवार से टकराई, जिससे दोनों दीवारें एक साथ गिर पड़ीं।

घटना शाम करीब 8:10 बजे की है। उस समय सिद्धी राम की पत्नी प्रमिला देवी रसोई में खाना बना रही थीं और उनकी बेटियां प्रियंका व मधु वहीं मौजूद थीं। दीवार गिरते ही दोनों बच्चियां समय रहते घर से बाहर निकल आईं और बाल-बाल बच गईं।

जैसे ही जोरदार आवाज हुई, आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हादसे में घर का रसोईघर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। करकट, साइकिल, राशन, बर्तन और खाना बनाने की अन्य सामग्री मलबे के नीचे दबकर खराब हो गई।

सिद्धी राम की पत्नी ने बताया कि गरीबी के कारण किसी तरह करकट डालकर घर की मरम्मत कर जीवन-यापन कर रहे थे। अब घर का अधिकांश सामान नष्ट हो गया है।

गौरतलब है कि सिद्धी राम बेहद गरीब परिवार से हैं और मजदूरी करके ही परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनकी पांच बेटियां – प्रियंका, मधु, सुंदर, सोना और गुंजन हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें