सोनभद्र: कोतवाली क्षेत्र के डूमरडीहा गांव में बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब राखड़ से लदी दो हाइवा ट्रकें अनियंत्रित होकर पलट गईं। दोनों हादसों में चालक और खलासी को मामूली चोटें आईं, जबकि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

पहली घटना दोपहर लगभग 12:30 बजे हुई, जब आश्रम से दुद्धी की ओर जा रही राखड़ लदी हाइवा अचानक असंतुलित होकर सड़क किनारे पलट गई। ट्रक के सभी पहिए ऊपर हो गए और भारी शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने चालक और खलासी को सुरक्षित बाहर निकाला और घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी।
कुछ घंटों बाद दोबारा हादसा, दूसरी हाइवा भी पलटी
पहली घटना के कुछ घंटे बाद उसी कंपनी की दूसरी हाइवा भी घटनास्थल से करीब 200 मीटर की दूरी पर अनियंत्रित होकर पलट गई। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में भी कोई गंभीर घायल नहीं हुआ। यह संयोग रहा कि दोनों हादसों में जान-माल की बड़ी क्षति नहीं हुई।
पुलिस जांच में जुटी
घटनास्थल पर पहुंचकर कोतवाल मनोज कुमार सिंह ने स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया “दोनों हाइवा ट्रक राखड़ लादकर दुद्धी की ओर आ रही थीं। सड़क पर लोड अधिक होने और नियंत्रण की कमी के चलते ये हादसे हुए। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है।”
ग्रामीणों ने उठाए सड़क सुरक्षा पर सवाल
दोनों हादसों के बाद स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश देखा गया। उनका कहना है कि भारी वाहनों की तेज रफ्तार और सड़क की जर्जर स्थिति के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से रूट पर ट्रैफिक नियंत्रण और सड़क मरम्मत की मांग की है।








