Search
Close this search box.

गाजीपुर: सपा नेता के राजनीतिक दबाव में 50 साल पुरानी गली बंद, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, प्रशासन मौन

गाजीपुर: दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के ग्रामसभा सिखड़ी के खिलवा गांव में स्थित लगभग 50 साल पुरानी एक सार्वजनिक गली को बंद किए जाने को लेकर गांव में भारी विवाद और आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह गली पूर्व जिला पंचायत सदस्य व सपा नेता रमेश यादव के राजनीतिक दबाव में बंद की गई है और प्रशासन इस पर मौन साधे हुए है।

जानकारी के अनुसार, रामप्रसाद यादव का मकान पिछले 20 वर्षों से बना हुआ है। उनके मकान के बगल में शीरी यादव, केशव यादव और देवचंद्र यादव के घर स्थित हैं। तीनों मकानों के बीच से होकर गुजरने वाली पुरानी सार्वजनिक गली को हाल ही में केशव यादव और उनके भाई देवचंद्र ने एक तरफ से अवैध रूप से बंद कर दिया।

रामप्रसाद यादव का कहना है कि इस गली को बंद करने से बरसात का पानी गली में भर जाता है, जिससे आसपास के मकानों की नींव और दीवारों को नुकसान हो रहा है। उन्होंने बताया कि यह गली करीब 50 वर्षों से सभी ग्रामीणों के उपयोग में रही है, लेकिन राजनीतिक प्रभाव के चलते उसे अब बंद कर दिया गया है।

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि वीरेंद्र यादव ने भी यह स्वीकार किया कि गली को बंद करना गलत कदम है। वहीं ग्रामीणों ने चेताया कि यदि कोई जानवर गलती से इस गली में घुस जाए तो वह निकल नहीं पाएगा, जिससे जानवर के घायल या मरने की भी आशंका बनी रहती है।

गांव के दर्जनों लोग, जिनमें रामअवध यादव, योगेश यादव, राधेश्याम गिरी, पंकज यादव, सूबेदार यादव, जय हिंद यादव, सुनीता देवी, गायत्री देवी, कन्हैया गिरी, आशा गिरी सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने इस अवैध गली बंदी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया है। ग्रामीणों की मांग है कि प्रशासन तुरंत हस्तक्षेप कर गली को पूर्ववत खोले और दोषियों पर कार्रवाई करे।

हालांकि, अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो वे बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

Leave a Comment

और पढ़ें