वाराणसी: शहर के कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत फुलवरिया वरुणा पुल पर गुरुवार को हुए सड़क हादसे में एक अज्ञात व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने राह चलते व्यक्ति को टक्कर मार दी।
घटना की सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस स्थानीय लोगों की मदद से शिनाख्त की कोशिश में जुटी है।
हादसे के बाद पिकअप वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी है।









