लखीमपुर खीरी: जिले के मितौली स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब लगभग 150 छात्रों ने अचानक अपने हॉस्टल के कमरों में खुद को बंद कर लिया और आत्महत्या की धमकी देने लगे। छात्रों ने मांग की कि जब तक जिलाधिकारी स्वयं मौके पर नहीं आतीं, वे बाहर नहीं निकलेंगे। कुछ छात्रों ने फांसी लगाने की चेतावनी भी दी, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रशासन और जिला प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन छात्रों का गुस्सा तब और बढ़ गया जब मीडिया को विद्यालय परिसर से बाहर कर दिया गया। छात्रों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि एक घंटे के भीतर डीएम मौके पर नहीं पहुंचीं तो इसके गंभीर परिणाम होंगे।
हालात बिगड़ते देख प्रशासन को मजबूरन हॉस्टल के दरवाजे तोड़कर छात्रों को बाहर निकालना पड़ा। बाद में उन्हें मेडिकल जांच के लिए एंबुलेंस में बैठाया गया, लेकिन थोड़ी देर बाद ही छात्रों को वापस विद्यालय परिसर में उतारकर अधिकारियों ने उनसे बातचीत शुरू की।
इस पूरी घटना ने विद्यालय प्रशासन और जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि छात्रों का आक्रोश किस वजह से था। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन छात्र अब भी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और प्रशासन के जवाब का इंतजार कर रहे हैं। मामले की जांच जारी है।









