वाराणसी: मिर्जामुराद क्षेत्र के गौरगांव स्थित स्व. वंशनारायण सिंह महिला महाविद्यालय में शुक्रवार को पुलिस की एंटी रोमियो टीम ने पहुंचकर छात्राओं को साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल सतर्कता के प्रति जागरूक किया।

इस जागरूकता कार्यक्रम में महिला उपनिरीक्षक गोल्डी व एसआई मधुसूदन त्रिपाठी ने छात्राओं से संवाद करते हुए साइबर क्राइम से बचाव के उपायों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने छात्राओं को सोशल मीडिया पर सतर्कता बरतने, अजनबी व्यक्तियों से संवाद से बचने, फर्जी कॉल, ब्लैकमेलिंग और फ्रॉड ट्रांजैक्शन जैसे खतरों से अवगत कराया।
महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी छात्राओं को दी गई, जिनमें- साइबर हेल्पलाइन: 1930, पुलिस हेल्पलाइन: 112, वूमेन हेल्पलाइन: 1090 है।
एसआई गोल्डी ने कहा कि, “ओटीपी, बैंकिंग विवरण या व्यक्तिगत जानकारी किसी अजनबी के साथ कभी साझा न करें।” वहीं, एसआई मधुसूदन त्रिपाठी ने कहा कि, “इस अभियान का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को न केवल साइबर अपराधों से बचाना है, बल्कि उन्हें डिजिटल सुरक्षा को लेकर सजग भी बनाना है।” उन्होंने यह भी कहा कि आत्मविश्वास और निडरता से ही किसी भी प्रकार के उत्पीड़न का मुकाबला किया जा सकता है।
महाविद्यालय प्रशासन भी रहा उपस्थित
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रबंधक व वरिष्ठ भाजपा नेता संजीव सिंह गौतम, प्राचार्य डॉ. आशुतोष उपाध्याय, सचिव योगेश सिंह, प्रशासनिक अधिकारी अभिषेक त्रिपाठी ‘सुमित’, डॉ. अंजना सिंह, गौरव उपाध्याय, अमृता सिंह, मुकेश यादव, डॉ. संगीता सिंह, संजू गुप्ता, श्वेता पटेल, संगीता स्नेहा मिश्रा, राजेश सिंह, वीरेंद्र विश्वकर्मा सहित सभी शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।







