वाराणसी: कैंट थाना पुलिस ने छह वर्षों से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। शुक्रवार को ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत चेकिंग के दौरान कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-9 के सामने से आरोपी को दबोचा गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान धर्मेंद्र राजभर (25) पुत्र हरिकिशुन राजभर निवासी खजुरा, थाना सैदपुर, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, धर्मेंद्र का आपराधिक इतिहास रहा है। वर्ष 2019 में उसके खिलाफ कैंट थाने में मुकदमा संख्या 1179/2019 धारा 379, 411, 413, 414, 419, 420, 467 और 468 भादवि में दर्ज हुआ था। तभी से वह फरार चल रहा था।
पुलिस आयुक्त के निर्देश और वरुणा जोन के अधिकारियों के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के दौरान यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र, उपनिरीक्षक जमुना प्रसाद तिवारी, महिला उपनिरीक्षक दीक्षा पांडेय, हेड कांस्टेबल नाहरकांत, कांस्टेबल आशीष मिश्रा और कांस्टेबल अनुज कुमार शामिल रहे।







