Varanasi: बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र में मंगलवार को “राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह (NCSAM)” के तहत एक महत्वपूर्ण व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस दौरान “साइबर सुरक्षा भारत” (#मेकइंडियासाइबरस्ट्रांग) अभियान के तहत साइबर सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
मुख्य वक्ता के रूप में पुलिस उपाधीक्षक विपिन कुमार राय ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। उन्होंने बढ़ते साइबर अपराधों से निपटने के लिए सरल लेकिन प्रभावी उपायों पर विस्तृत जानकारी दी। श्री राय ने साइबर सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि कैसे डिजिटल युग में सतर्कता और कुछ बुनियादी सुरक्षा उपायों को अपनाकर हम बड़े खतरों से बच सकते हैं।
कर्मचारियों के बीच साइबर सुरक्षा से संबंधित गतिविधियों पर चर्चा हुई, जिसमें डिजिटल सुरक्षा के महत्व और सतर्कता पर जोर दिया गया। इसमें प्रमुख रूप से मुख्य अभिकल्प इंजीनियर यांत्रिक आर. आर. प्रसाद, मुख्य यांत्रिक इंजीनियर उत्पादन, सुनील कुमार, मुख्य गुणता आश्वासन प्रबंधक, प्रवीण कुमार, मुख्य संरक्षा अधिकारी एस. बी. पटेल, मुख्य विद्युत सर्विस इंजीनियर, भारद्वाज चौधरी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों को न केवल जागरूक करना था, बल्कि उन्हें यह भी समझने का अवसर प्रदान करना था कि वे अपने व्यक्तिगत और पेशेवर डेटा को साइबर हमलों से कैसे सुरक्षित रख सकते हैं। डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा की आवश्यकता निरंतर बढ़ रही है। बरेका द्वारा इस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन यह सुनिश्चित करता है कि उसके अधिकारी और कर्मचारी साइबर खतरों से सुरक्षित रह सकें।
इसके माध्यम से सभी को डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म पर अपने डेटा की सुरक्षा के महत्व की गहन समझ प्राप्त हुई। अंत में, धन्यवाद ज्ञापन मुख्य यांत्रिक इंजीनियर क्यूएमएस रामजन्म चौबे द्वारा किया गया, जिन्होंने सभी उपस्थित कर्मचारियों और अधिकारियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में योगदान देने के लिए धन्यवाद दिया।

उजाला संचार एक प्रतिष्ठित न्यूज़ पोर्टल और अख़बार है जो स्थानीय, राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और अन्य समाचारों को कवर करती है। हम सटीक, विश्वसनीय और अद्यतन जानकारी प्रदान करने के लिए समर्पित हैं।