वाराणसी। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल के निर्देश पर संचालित ‘मिशन शक्ति फेज 5.0’ के तहत बुधवार को भेलूपुर थाना क्षेत्र में नारी सुरक्षा पर केंद्रित विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। अस्सी घाट पर आयोजित इस अभियान में पहली बार शामिल हुई नई महिला पुलिसकर्मियों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।
भेलूपुर थानाध्यक्ष सुधीर कुमार त्रिपाठी ने महिला पुलिसकर्मियों के साथ अस्सी घाट पहुंचकर ब्रीफिंग सत्र का आयोजन किया। इसके बाद घाटों पर मौजूद स्थानीय लोगों और पर्यटकों के बीच नारी सुरक्षा, कानूनी अधिकारों और सुरक्षा संबंधी प्रावधानों को लेकर जागरूकता फैलाई गई। पुलिस टीम ने सुरक्षा जांच अभियान भी चलाया।
पुलिस कमिश्नर के निर्देशों के अनुरूप थाना प्रभारी ने क्षेत्र के सभी चौकी इंचार्जों को अपने-अपने क्षेत्रों में इस प्रकार के जागरूकता अभियानों को नियमित रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में बुधवार को अस्सी घाट पर यह पहल की गई।
अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा को सुदृढ़ करना, युवतियों और छात्राओं को उनके अधिकारों की जानकारी देना तथा किसी भी समस्या या आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए प्रेरित करना रहा। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने लोगों से संवाद करते हुए महिला सुरक्षा के प्रति समाज में सकारात्मक वातावरण बनाने की अपील की।






