वाराणसी: बीएचयू के प्रोफेसर पर हुए जानलेवा हमले का मुख्य साजिशकर्ता उसी विभाग का पूर्व एचओडी निकला। पुलिस ने मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हमलावर को मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार किया, जबकि एक अन्य आरोपी को तेलंगाना से ट्रांजिट रिमांड पर लाया गया है। आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा व कारतूस भी बरामद किए गए।
पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत, थाना लंका पुलिस टीम ने 12 अगस्त 2025 को मुखबिर की सूचना पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। सत्कार होटल के पास अशोक पूरम कॉलोनी की ओर जाने वाली सड़क पर मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ में गोली लगने से घायल आरोपी का इलाज ट्रॉमा सेंटर बीएचयू में चल रहा है।
घटना का विवरण
28 जुलाई 2025 को बीएचयू के तेलुगू विभाग के हेड सी.एस. रामाचंद्रमूर्ति अपनी मोटरसाइकिल से बिरला ग्राउंड होते हुए आवास लौट रहे थे। इसी दौरान, बीएचयू कैम्पस के भीतर बिरला ग्राउंड रोड पर बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने उन्हें रोककर लोहे की रॉड से हमला किया। हमले में प्रोफेसर के दोनों हाथ फ्रैक्चर हो गए और उनका इलाज ट्रॉमा सेंटर में हुआ।
घटना के बाद थाना लंका में मामला दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई। जांच में हमलावरों की पहचान की गई, जिनमें मुख्य साजिशकर्ता के रूप में विभाग के पूर्व एचओडी का नाम सामने आया। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।









