Search
Close this search box.

Varanasi : पूर्वोत्तर रेलवे के DRM कार्यालय में CBI का छापा: इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारी से पूछताछ, दस्तावेज़ जब्त

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

Varanasi : पूर्वोत्तर रेलवे के डीआरएम(DRM) बिल्डिंग में मंगलवार को सीबीआई (CBI) की टीम द्वारा अचानक छापा मारे जाने से हड़कंप मच गया। लखनऊ से आई सीबीआई (CBI) टीम ने इंजीनियरिंग विभाग के एक अधिकारी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई एक ठेकेदार की शिकायत पर की गई, जिसमें अधिकारी पर ट्रैक कार्य के बिल पास करने के एवज में कमीशन मांगने का आरोप है।

मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, लहरतारा में यह छापा दोपहर के समय मारा गया। सीबीआई (CBI) ने इंजीनियरिंग विभाग के उस अधिकारी को निशाना बनाया, जो पिछले डेढ़ वर्ष से अधिक समय से मंडल में तैनात था। ठेकेदार ने आरोप लगाया कि अधिकारी ने ट्रैक से जुड़े कामों के बिल पास करने के बदले कमीशन की मांग की थी। इस आरोप के संबंध में सीबीआई के पास पुख्ता सबूत होने की जानकारी मिली है।

छापे के दौरान सीबीआई (CBI) टीम ने अधिकारी के लैपटॉप, मोबाइल, रजिस्टर, और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज़ों को कब्जे में लिया। फाइलों की गहन जांच की जा रही है, और कई रिकॉर्ड्स को खंगाला गया है। इस दौरान डीआरएम बिल्डिंग में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, और अधिकारी व ठेकेदार जांच से बचने के लिए दोपहर बाद ही वहां से खिसक गए।

छापे की सूचना फैलते ही इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारी के करीबियों ने अपने मोबाइल स्विच ऑफ कर लिए। अधिकारियों ने इस मामले में कोई बयान देने से परहेज किया है, और डीआरएम बिल्डिंग में सन्नाटा पसरा रहा।

सीबीआई (CBI) की इस कार्रवाई ने रेलवे मंडल में हलचल मचा दी है। विभाग के कई अधिकारियों और ठेकेदारों के बीच अब घबराहट का माहौल बना हुआ है। मामले की जांच जारी है और संभावना है कि इस मामले में कुछ और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

रिपोर्ट – शीतल निर्भीक

Leave a Comment

और पढ़ें