वाराणसी: दशाश्वमेध थाना पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत 25 हजार के इनामिया समेत दो वांछित चेन स्नैचर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से चेन बेचकर कमाए गए ₹2,03,800 नकद भी बरामद किए गए।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के क्रम में मुखबिर की सूचना पर सर्विलांस व साइबर टीम की मदद से शिवदासपुर, मंडुआडीह में दबिश दी गई और दोनों अभियुक्तों को धर दबोचा गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान हरिओम राजभर उर्फ सत्यम (19 वर्ष) और आशीष कुमार उर्फ गड्डी (22 वर्ष) निवासी शिवदासपुर थाना मंडुआडीह, वाराणसी के रूप में हुई है। इनमें सत्यम पर पहले से ₹25,000 का इनाम घोषित था।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि 30 जुलाई 2025 को गोदौलिया चौराहे पर एक वृद्ध महिला के गले से सोने की चेन छीनी थी। बाद में उस चेन को देवरिया के एक ज्वेलर्स के यहां ₹3 लाख में बेच दिया। दोनों ने 50-50 हजार रुपए आपस में बांटे, जबकि शेष रकम खर्च करने के बाद ₹2,03,800 बची थी, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया।
आरोपी सत्यम अपनी गर्भवती पत्नी के साथ फरारी के दौरान सोनीपत और जयपुर में रह रहा था और वहां पुड़ी-सब्जी की दुकान करता था। दोनों अभियुक्त वाराणसी छोड़ने और बचे हुए पैसे बांटने की फिराक में थे, तभी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
इस सफलता में प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार शुक्ला, उ.नि. सुनील कुमार गुप्ता, उ.नि. अभिषेक त्रिपाठी, चौकी प्रभारी विजय चौधरी, कांस्टेबल भूपेंद्र कुमार, राजन सिंह, अश्वनी सिंह (सर्विलांस सेल), रोहित कुमार तिवारी (साइबर सेल) और महिला कांस्टेबल कीर्ति सिंह शामिल रहे।









