Search
Close this search box.

वाराणसी: जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और राहत शिविरों का किया निरीक्षण

वाराणसी: जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शुक्रवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों एवं राहत शिविरों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय सलारपुर स्थित राहत शिविर में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना और व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।

जिलाधिकारी ने कहा, “इस आपदा की घड़ी में शासन और प्रशासन आपके साथ है। यदि कहीं कोई समस्या हो, तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें, सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी।”

उन्होंने नायब तहसीलदार से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति, जलस्तर, और प्रभावित परिवारों की संख्या की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि यदि जलस्तर और बढ़ा, तो प्रभावित परिवारों को विद्या विहार इंटर कॉलेज में स्थानांतरित किया जाएगा।

डीएम ने निर्देश दिए कि जो परिवार अपने घरों की ऊपरी मंजिलों पर रह रहे हैं, उन्हें समय से खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाए। साथ ही, सभी राहत शिविरों को पूर्ण क्षमता के साथ संचालित किया जाए तथा विस्थापित परिवारों को मूलभूत सुविधाएं — जैसे भोजन, चिकित्सा, साफ-सफाई और पेयजल — समुचित रूप से उपलब्ध कराई जाएं।

शिक्षा पर विशेष फोकस
जिलाधिकारी ने बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इस पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने एसडीएम सदर को निर्देश दिया कि बाढ़ की स्थिति में भी बच्चों की शिक्षा सुचारु रूप से जारी रखने के उपाय सुनिश्चित किए जाएं।

स्वच्छता व स्वास्थ्य संबंधी निर्देश
जिलाधिकारी ने नगर निगम के अधिकारियों को राहत शिविरों और आसपास के क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई कराने, जलभराव वाले स्थानों पर एंटीलार्वा छिड़काव, फॉगिंग और चूना छिड़काव की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय अधिकारियों को प्रभावित लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान तत्परता से करना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर अमित कुमार, तहसीलदार, नगर निगम के अधिकारी, क्षेत्रीय पार्षद सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Comment

और पढ़ें