वाराणसी: शीतलहर और लगातार गिरते तापमान को देखते हुए नगर निगम ने आमजन को ठंड से राहत पहुंचाने के लिए अलाव व्यवस्था को और व्यापक कर दिया है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर सोमवार को नगर के कुल 412 प्रमुख स्थानों पर अलाव जलाए गए।

नगर निगम द्वारा यह व्यवस्था विशेष रूप से चौराहों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, प्रमुख बाजारों, रैन बसेरों, झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों पर की गई है, ताकि जरूरतमंद लोगों और राहगीरों को ठंड से राहत मिल सके।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शीतलहर की अवधि तक अलाव की व्यवस्था निरंतर और प्रभावी रूप से जारी रखी जाए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि अलाव के लिए आवश्यक ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता बनी रहे और किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।
नगर निगम की टीमें नियमित रूप से अलाव स्थलों का निरीक्षण कर रही हैं। वहीं, नागरिकों से अपील की गई है कि यदि उनके क्षेत्र में अलाव की आवश्यकता हो तो वे नगर निगम के संबंधित जोन कार्यालय या कंट्रोल रूम को सूचित करें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।









