वाराणसी। पूर्वांचल की अग्रणी संस्था अभिनव विचार द्वारा आयोजित नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती इस वर्ष 23 जनवरी के स्थान पर 24 जनवरी को मनाई जाएगी। संस्था द्वारा यह निर्णय वसंत पंचमी के पर्व को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। विगत कई वर्षों से संस्था 23 जनवरी को ही नेताजी की जयंती मनाती आ रही है।
संस्था के अध्यक्ष अमूल्य चंद्र सिन्हा ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी कार्यक्रम नगर निगम रामनगर के प्रांगण में आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम का उद्घाटन श्री श्याम कुमार केसरी एवं श्री दुर्गा सिंह द्वारा किया जाएगा, जबकि समापन मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री रविन्द्र जायसवाल द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. प्रो. संजय गुप्ता, डॉ. सुनील सिंह पटेल एवं डॉ. गिरिश चंद द्विवेदी उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर क्षेत्र की अनेक टीमें भाग लेंगी और कार्यक्रम के दौरान “अभिनव रत्न” तथा “लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड” की भी घोषणा की जाएगी। आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
इस मौके पर संस्था के पूर्व अध्यक्ष त्रिलोकी प्रसाद एवं उपाध्यक्ष नूरुल शेख भी उपस्थित रहे और आयोजन को सफल बनाने के लिए सहयोग का आश्वासन दिया।








