वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के साई निवासी संजय पाण्डेय, जो पेशे से बस चालक हैं और आर्थिक रूप से बेहद कमजोर हैं, अपनी नाबालिग बेटी की गुमशुदगी और पुलिस की लापरवाही को लेकर पुलिस कमिश्नर वाराणसी को ज्ञापन सौंपा।
संजय पाण्डेय ने अपने प्रार्थना–पत्र में बताया कि उनकी 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री स्वीटी पाण्डेय बीते 10 नवम्बर 2025 की सुबह अपनी छोटी बहन के साथ घर से निकली थी। रिंग रोड के पास एक अज्ञात व्यक्ति ने जबरन उसे अपनी बाइक/वाहन पर बैठाकर उठा लिया।
पीड़ित पिता ने इस संबंध में थाना चोलापुर में अपराध संख्या 450/2025 धारा 137(2), 87 बीएनएस के तहत एफआईआर दर्ज कराई है, लेकिन उनका आरोप है कि पॉक्सो एक्ट से संबंधित गंभीर धाराएँ एफआईआर में शामिल ही नहीं की गईं।
संजय के अनुसार, पुलिस अब तक उनकी बेटी को बरामद नहीं कर सकी है और न ही किसी प्रकार की ठोस कार्यवाही कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले भी उनकी बेटी के साथ सूरज नामक युवक (निवासी फरीदपुर, सारनाथ) द्वारा दुष्कर्म किया गया था, जिसका मामला न्यायालय में लंबित है।
पीड़ित पिता ने आशंका जताई कि उनकी नाबालिग बेटी के साथ कोई अनहोनी न हो जाए। उन्होंने कहा कि “2019 में मेरी पत्नी गायब हो गई थी, आज तक पुलिस कुछ नहीं कर सकी। अब मेरी बेटी भी गायब हो गई है… हम जाएँ तो जाएँ कहाँ?”
गरीब परिवार की इस दोहरी त्रासदी और पुलिस की कथित शिथिलता को देखते हुए संजय पाण्डेय ने पुलिस कमिश्नर से न्याय और त्वरित कार्रवाई की गुहार लगाई है।









