Search
Close this search box.

वाराणसी: 16 से 22 जनवरी तक मिर्जापुर से सारनाथ तक पदयात्रा करेंगे संजय सिंह, बेरोजगारी और सामाजिक न्याय होंगे मुख्य मुद्दे

वाराणसी। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने वाराणसी स्थित सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान अपनी आगामी पदयात्रा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वह 16 जनवरी से 22 जनवरी तक मिर्जापुर से वाराणसी के सारनाथ तक पदयात्रा करेंगे। इस पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य बेरोजगारी और सामाजिक न्याय जैसे ज्वलंत मुद्दों को जनता के बीच उठाना है।

संजय सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के शासनकाल में युवाओं के साथ धोखा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि नौजवानों को रोजगार नहीं मिल रहा है, वहीं दलितों और पिछड़ों के साथ आरक्षण के नाम पर भेदभाव किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी पदयात्रा इन्हीं मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के लिए निकाली जा रही है।

शाहरुख खान मामले पर भी रखी राय

पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए संजय सिंह ने अभिनेता शाहरुख खान से जुड़े विवाद पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जब बांग्लादेश जैसे देश को अडानी समूह द्वारा बिजली सप्लाई की जा रही है और पाकिस्तान के साथ क्रिकेट मैच खेले जा रहे हैं, तो फिर किसी फिल्म अभिनेता द्वारा विदेशी खिलाड़ी को खरीदने पर आपत्ति करना उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि इस मामले में वे देवकीनंदन ठाकुर के बयान से सहमत हैं और इस मुद्दे पर बेवजह विवाद खड़ा किया जा रहा है।

पंचायत चुनाव मजबूती से लड़ेगी AAP

संजय सिंह ने आगे कहा कि आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश में होने वाले पंचायत चुनाव पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी। उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति बाद में सार्वजनिक की जाएगी।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी जनता से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष करती रहेगी और आने वाले समय में प्रदेश की राजनीति में मजबूत विकल्प के रूप में उभरेगी।

Leave a Comment

और पढ़ें