वाराणसी: अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सिगरा थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने बच्चा चोरी करने वाले एक अभियुक्त और दो बाल अपचारियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ढाई साल के मासूम बालक को सकुशल बरामद किया।
घटना का विवरण
आवेदिका, जो मूल रूप से जनपद मिर्जापुर की निवासी हैं और वर्तमान में छित्तुपुर थाना लंका, वाराणसी में किराए पर रहती हैं, ने थाना सिगरा में तहरीर दी थी।
उन्होंने बताया कि 18 अगस्त 2025 की शाम करीब 5 बजे वे अपने ढाई साल के बच्चे को लेकर शास्त्रीनगर पार्क गई थीं। खेलते समय बच्चा अचानक लापता हो गया। काफी खोजबीन के बाद भी जब बच्चा नहीं मिला, तो पीड़िता ने 20 अगस्त को थाने में लिखित सूचना दी। जिस पर मुकदमा पंजीकृत किया गया और पुलिस ने बच्चे की तलाश शुरू की।
गिरफ्तारी व बरामदगी
थाना सिगरा पुलिस ने 25 अगस्त 2025 को मुकदमा संख्या 0303/2025, धारा- 137(2), 143(1) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए मुख्य अभियुक्त आदर्श (उम्र 31 वर्ष, निवासी लकपेडा बाग, थाना आदर्श कोतवाली, जनपद बाराबंकी) और दो बाल अपचारियों (उम्र 17 व 13 वर्ष) को कैंट रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म संख्या-9 के पीछे मैदान से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से अपहृत बालक को सुरक्षित बरामद कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया।
पूछताछ में हुआ खुलासा
पूछताछ में दोनों बाल अपचारियों ने बताया कि वे आदर्श (मुख्य अभियुक्त) के रिश्तेदार हैं और उसने ही उन्हें बच्चे को उठाने के लिए कहा था। बदले में पैसों का लालच भी दिया गया था। मुख्य अभियुक्त आदर्श ने स्वीकार किया कि उसने बच्चे को बेचकर पैसे कमाने की योजना बनाई थी ताकि अपनी जरूरतें पूरी कर सके। गिरफ्तारी के समय उसने अपनी गलती मानते हुए माफी भी मांगी।
पुलिस की कार्रवाई
इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व डीसीपी काशी जोन के निर्देशन, एडीसीपी काशी के पर्यवेक्षण और एसीपी चेतगंज व प्रभारी निरीक्षक सिगरा के नेतृत्व में किया गया। वर्तमान में पुलिस द्वारा अभियुक्तों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।










